ज्योतिर्मठ।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज ग्राम सभा कुंडीखोला में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण को बढ़ाने का संकल्प लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया, साथ ही उनकी निरंतर देखभाल की जिम्मेदारी भी ली गई। इस मौके पर वक्ताओं ने आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान विक्रम सिंह, महिला मंगल दल की अध्यक्ष रेखा देवी, युवक मंगल दल के अध्यक्ष ललित थपलियाल, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ढाक के समस्त कर्मचारी वर्ग सहित क्षेत्र की समस्त मातृशक्ति और युवा शक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने पर्यावरण को बचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का सामूहिक संकल्प लिया।
