ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और भोटिया जनजाति की कला के संरक्षण में जुटी ‘भोटिया सांस्कृतिक कला मंच समिति’ की एक अहम बैठक आयोजित की गई। वर्ष 2002 में पंजीकृत इस समिति की यह बैठक इसके आगामी 25वें वर्षगांठ समारोह को भव्य रूप देने के संबंध में रखी गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे उपाध्यक्ष विरेन्द्र जी ने बताया कि इस रजत जयंती समारोह का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी पौराणिक संस्कृति, पारंपरिक लोक वाद्य यंत्रों, नृत्य, संगीत, वेशभूषा और शिल्पकला से रूबरू कराना है। बैठक में कोषाध्यक्ष पुष्कर हिन्दवाल, सचिव मथुरा सेंगवाल, सह सचिव प्रकाश भोटियाल समेत महेंद्र रागा, अनिल कुमार और पवन शाह सहित कई पदाधिकारी, सदस्य व स्थानीय लोक कलाकार उपस्थित रहे, जिन्होंने समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
