साहसिक पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से सक्रिय ‘एडवेंचर एसोसिएशन जोशीमठ’ की नई कार्यकारिणी का चुनाव बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। होटल एसोसिएशन ज्योतिर्मठ के अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित इस चुनावी बैठक में पूरी प्रक्रिया को सर्वसम्मति से निर्विरोध और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया गया। निर्वाचन अधिकारी अजय भट्ट ने सभी सदस्यों की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।
नई कार्यकारिणी में अनुभवी नेतृत्व और ऊर्जावान युवाओं का समन्वय किया गया है। पदाधिकारियों की सूची में दिनेश उनियाल को अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ राजेन्द्र मारतोलिया और नंदन सिंह रावत को उपाध्यक्ष चुना गया है।
संगठन के सुचारू संचालन के लिए महाबीर सिंह राणा को सचिव, नरेन्द्र सिंह रावत को कोषाध्यक्ष, जबकि दिनेश भट्ट और राहुल मेहता को सह-सचिव नियुक्त किया गया है।
संगठन की मजबूती के लिए एक विस्तृत कार्यकारिणी सदस्य टीम का भी गठन किया गया है, जिसमें क्षेत्र के सक्रिय सदस्यों को स्थान मिला है। इनमें संजय सती, शिबू थपलियाल, बिजेन्द्र नेगी, अंकित खंडूरी, दिनेश राणा, युवराज भण्डारी, अनिरुद्ध भण्डारी और रजनीश चौहान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
नव-निर्वाचित अध्यक्ष दिनेश उनियाल ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि एसोसिएशन का मुख्य फोकस क्षेत्र में साहसिक खेलों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना होगा। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन से जुड़े लोगों ने नई टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
