Home उत्तराखण्ड बद्रीनाथ फतह की तैयारी: महेंद्र भट्ट ने फूंका चुनावी बिगुल,

बद्रीनाथ फतह की तैयारी: महेंद्र भट्ट ने फूंका चुनावी बिगुल,

बूथ प्रबंधन' से खिलेगा जीत का कमल**

by zerogroundnews

चमोली। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा उपचुनावों और भविष्य की चुनावी चुनौतियों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी व्यूह रचना तेज कर दी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सीमावर्ती क्षेत्र जोशीमठ में नगर मंडल और ग्रामीण मंडलों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकों के जरिए चुनावी शंखनाद किया। कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए भट्ट ने विश्वास जताया कि इस बार बद्रीनाथ विधानसभा सीट पर भाजपा न केवल वापसी करेगी, बल्कि प्रचंड बहुमत के साथ जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का मुख्य फोकस अब ग्रासरूट लेवल पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने पर है।
महेंद्र भट्ट ने प्रेस से रूबरू होते हुए कहा कि पार्टी ने प्रदेश की सभी विधानसभाओं में अपनी गतिविधियों को नया स्वरूप देना शुरू कर दिया है। वर्तमान में मंडल और जिला स्तर पर सघन बैठकों का दौर जारी है, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाना है। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती का जिक्र करते हुए जानकारी दी कि प्रदेश भर में मंडल स्तर तक के प्रशिक्षण शिविर (ट्रेनिंग कैंप) सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। अब पार्टी का अगला चरण ‘बूथ प्रबंधन है, जिसके तहत शक्ति केंद्रों से लेकर बूथ स्तर तक की बैठकों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। भट्ट ने जोर देकर कहा कि “बूथ जीता, तो चुनाव जीता” के मंत्र के साथ भाजपा का हर सिपाही मैदान में उतर चुका है।
कांग्रेस की सक्रियता पर तीखा प्रहार करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि विपक्षी दलों का नेतृत्व केवल चुनाव के समय ही धरातल पर नजर आता है। उन्होंने कटाक्ष किया कि “कांग्रेस की प्रभारी केवल ‘चुनावी दौरे’ पर उत्तराखंड आ रही हैं, जबकि भाजपा का नेतृत्व और कार्यकर्ता साल के 365 दिन ‘संगठनात्मक दौरों’ और सेवा कार्यों के माध्यम से जनता के बीच रहते हैं।” उन्होंने साफ किया कि भाजपा के लिए चुनाव कोई सामयिक कार्यक्रम नहीं बल्कि निरंतर चलने वाली सेवा यात्रा है। बद्रीनाथ विधानसभा पर विशेष फोकस को लेकर उन्होंने कहा कि यहाँ के कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि जनता एक बार फिर विकास की राजनीति को चुनने के लिए तैयार है।