Home » Blog » मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में ध्वज वंदन समारोह में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार में ध्वज वंदन समारोह में किया प्रतिभाग

by zerogroundnews

हरिद्वार। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित ‘ध्वज वंदन समारोह’ में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह शताब्दी समारोह माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता की भावपूर्ण अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि माताजी का जीवन त्याग, बलिदान और साधना की प्रेरक ज्योति है, जिसने असंख्य लोगों को जीवन की सही दिशा दी। गायत्री परिवार किसी एक संगठन तक सीमित नहीं, बल्कि यह युग चेतना का वह प्रवाह है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करता है।

मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक चेतना का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ एवं आदि कैलाश जैसे तीर्थ भारत की आत्मा की धड़कन हैं। ऐसे पावन वातावरण में आयोजित यह शताब्दी समारोह भारतीय संस्कृति, संस्कार और साधना परंपरा के नवजागरण का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि के मूल स्वरूप को संरक्षित रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त दंगारोधी एवं धर्मांतरण कानून लागू किए गए हैं, साथ ही 10 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि सेवा, साधना और संस्कार का यह त्रिवेणी संगम नवयुग निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन में अपनाता है, तभी सशक्त संस्कृति और स्थायी सभ्यता का निर्माण संभव होता है।

शताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि आत्मपरिवर्तन ही सामाजिक परिवर्तन की पहली शर्त है। जब व्यक्ति स्वयं को बदलने का साहस करता है, तभी राष्ट्र और समाज के नवनिर्माण की सशक्त नींव पड़ती है। शताब्दी समारोह का उद्देश्य भी इसी चेतना को जागृत करना है।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, दायित्वधारी श्री विनय रुहेला, सुदर्शन न्यूज के प्रबंध निदेशक श्री सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक श्री राजेश्वर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने विचार रखे। इस अवसर पर विधायक श्री मदन कौशिक, श्री श्यामवीर सैनी, श्री देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।