Home उत्तराखण्ड ज्योतिर्मठ में आपदा प्रभावित स्वास्थ्य केंद्र की जगह नए स्थान पर बनेगा उप जिला चिकित्सालय,

ज्योतिर्मठ में आपदा प्रभावित स्वास्थ्य केंद्र की जगह नए स्थान पर बनेगा उप जिला चिकित्सालय,

भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज

by zerogroundnews

गोपेश्वर/जोशीमठ।
आपदा और भू-धंसाव की मार झेल रहे सीमांत क्षेत्र जोशीमठ (ज्योतिर्मठ) में चरमरा चुकी स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित माहौल में बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए प्रशासन ने एक बड़ी पहल की है। चमोली के ग्राम डांडो निवासी अमित सती द्वारा जिला अधिकारी को भेजे गए शिकायती पत्र का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चमोली ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। दरअसल, वर्तमान में संचालित जोशीमठ स्वास्थ्य केंद्र का भवन आपदा ग्रस्त क्षेत्र में होने और उसमें जगह-जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने के कारण हर समय किसी बड़े हादसे का डर बना हुआ था। इसी खतरे को देखते हुए जनहित में पूर्व में सर्वेक्षित स्थानों या पैन खंडा के निवासियों की सुविधा के लिए 10 बेड के अस्पताल हेतु चयनित भूमि पर जल्द से जल्द नया चिकित्सालय बनाने की मांग उठाई गई थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएमओ कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि विकास खंड जोशीमठ के अंतर्गत नए उप जिला चिकित्सालय (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) की स्थापना के लिए उद्यान विभाग की भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया अब गतिमान है। इसके तहत खतौनी खाता संख्या 111, खसरा संख्या 1889/9005 रकबा 3.806 हैक्टेयर में से 0.800 हैक्टेयर भूमि को स्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए जिला अधिकारी चमोली को प्रतिलिपि प्रेषित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। विभाग का कहना है कि जैसे ही भूमि हस्तांतरण का यह कार्य पूरा हो जाएगा, वैसे ही उप जिला चिकित्सालय के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए विस्तृत आख्या और बजट प्रस्ताव महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तराखंड देहरादून को भेज दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की एक बहुत बड़ी आबादी को सुरक्षित और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना सुनिश्चित हो सकेगा।