जोशीमठ ।
सीमांत क्षेत्र जोशीमठ की प्रतिभावान खिलाड़ी श्रीम धौंडियाल ने राष्ट्रीय स्तर पर देवभूमि उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। गुजरात के लवाड़ स्थित राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी (RRU) में आयोजित ‘नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप’ में श्रीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए हैं।
श्रीम ने यूथ गर्ल्स (Youth Girls) कैटेगरी में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपनी ताकत और तकनीक का लोहा मनवाते हुए राइट हैंड (दाएं हाथ) के मुकाबले में स्वर्ण पदक (Gold Medal) और लेफ्ट हैंड (बाएं हाथ) के मुकाबले में रजत पदक (Silver Medal) जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
श्रीम की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे चमोली जिले और जोशीमठ क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद श्रीम ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय पटल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
अपनी इस शानदार जीत पर श्रीम धौंडियाल ने खुशी जताते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता और अपने कोच के कुशल मार्गदर्शन को दिया है। श्रीम ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य और कड़ी मेहनत करके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए मेडल जीतना और तिरंगा लहराना है।
