Home उत्तराखण्ड बदरीनाथ राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: लैंडस्लाइड से बस पर गिरे पत्थर, एक महिला यात्री की मौत, दो गंभीर; एहतियातन रोकी गई चारधाम यात्रा

बदरीनाथ राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: लैंडस्लाइड से बस पर गिरे पत्थर, एक महिला यात्री की मौत, दो गंभीर; एहतियातन रोकी गई चारधाम यात्रा

पीपलकोटी के पास हुआ हादसा..

by zerogroundnews

​चमोली। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर कुदरत का कहर टूटा है। शुक्रवार देर शाम पीपलकोठी के पास भनेरपानी (पनीर पानी) में पहाड़ी से अचानक दरके मलबे और भारी पत्थरों की चपेट में एक यात्री बस आ गई।

इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि भनेरपानी में लगातार पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है, जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से चारधाम यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, गौचर, कर्णप्रयाग, चमोली, पीपलकोठी, जोशीमठ, पांडुकेश्वर और गोविंदघाट जैसे प्रमुख पड़ावों पर तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है। आपदा कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस प्रशासन युद्धस्तर पर मार्ग को साफ करने में जुटा है और कल सुबह तक यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है; साथ ही पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और रास्ते के साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें।