ज्योतिर्मठ।
सीमांत नगर जोशीमठ में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पहली बार नगर में बाबा साहेब की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया, जिसे लेकर स्थानीय जनता और शिल्पकार समाज में भारी उत्साह देखने को मिला।
नगर पालिका अध्यक्ष ने किया प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बद्रीनाथ टैक्स स्टैंड के समीप डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण रहा। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती देवेश्वरी शाह और समस्त सभासदों ने विधिवत रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। इसके पश्चात नगर में एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बाबा साहेब के जयकारों के साथ उन्हें याद किया गया। गांधी मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज को एकजुट रखने और शिक्षित बनने के उनके संदेश पर विशेष जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिता का आयोजन
गांधी मैदान में आयोजित समारोह में विभिन्न महिला मंगल दलों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्कूली बच्चों के बीच बाबा साहेब के जीवन दर्शन पर आधारित भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा महिला मंगल दल की अध्यक्षों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल व अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय विजेता कलाकारों ने बांधा समां
इस अवसर पर भोटिया सांस्कृतिक कला मंच समिति, ज्योतिर्मठ जोशीमठ के कलाकारों द्वारा पारंपरिक विरासत लोक नृत्य ‘पौंणा’ की शानदार प्रस्तुति दी गई। राष्ट्रीय विजेता लोक कलाकार श्री प्रकाश भोटियाल, पुष्कर हिन्दवाल, सुधीर हिन्दवाल, आशीष, प्रदीप, अमरजीत, नरेंद्र, पीयूष, विरेन्द्र, अंजली, प्रियंका, हिना, रिया और एंजल की टीम ने अपनी कला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणमान्य व्यक्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, सभासद श्रीमती ललिता देवी, प्रवेश डिमरी, सौरभ राणा और जयदीप मंद्रवाल उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में शिल्पकार समाज के अध्यक्ष कुशला लोहानी, भीमराव अंबेडकर समाज के अध्यक्ष महेंद्र दयाल, उपाध्यक्ष रघुवीर असवाल, सचिव दीपक टम्टा, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र और मीडिया प्रभारी जितेंद्र सहित समाजसेवी अतुल सती, श्रीमती किरण डिमरी, श्रीमती पुष्पा देवी और कैलाश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
