गोपेश्वर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संचालित समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भाजपा की ओर से एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने अपने जीवनभर सामाजिक कुरीतियों, ऊंच-नीच और छुआछूत का विरोध किया। उन्होंने समाज में समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हुए ऐसे समाज की कल्पना की, जहां किसी पर अत्याचार, भेदभाव या जातिगत संघर्ष न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री विनोद कनवासी, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र हटवाल, जिला मीडिया संयोजक मोहन नेगी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
