जोशीमठ-नीति मार्ग पर सुराईथोठा से करीब 4 किलोमीटर आगे ग्वाड नामक स्थान पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ अचानक बिजली के तारों में करंट दौड़ने से उसकी चपेट में आकर कई बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से प्रभावित पशुपालक और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा रोष है। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग (ऊर्जा निगम) की टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
अचानक तारों में दौड़ा करंट, चपेट में आए मवेशी
स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह बुटोला ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पशुपालक अपनी बकरियों को चुगा रहे थे, तभी अचानक बिजली के तारों में तेज करंट दौड़ गया। तार नीचे होने या किसी तकनीकी खराबी के चलते बकरियां सीधे करंट की चपेट में आ गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से गरीब पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।
प्रशासन और विभाग पहुंचे मौके पर, आकलन जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जोशीमठ के उप जिलाधिकारी (SDM) चंद्रशेखर वशिष्ट ने बताया कि प्रशासन इस मामले पर पूरी नजर बनाए हुए है। राजस्व और विद्युत विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। बिजली विभाग की टीम द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट मिलते ही प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
