Home उत्तराखण्ड जोशीमठ मुख्य बाजार में महिला शौचालय न होने से भारी आक्रोश,

जोशीमठ मुख्य बाजार में महिला शौचालय न होने से भारी आक्रोश,

व्यापार सभा ने आधुनिक पिंक टॉयलेट बनाने की उठाई मांग

by zerogroundnews

​जोशीमठ ।
चारधाम यात्रा के मुख्य पड़ाव और देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के प्रमुख केंद्र जोशीमठ नगर क्षेत्र में महिला शौचालय न होने से स्थानीय महिला व्यापारियों और महिला तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आक्रोशित महिला दुकानदारों ने नगर पालिका परिषद को एक पत्र सौंपकर अपनी पीड़ा व्यक्त की है। महिलाओं का कहना है कि तपोवन टैक्सी स्टैंड से लेकर नटराज चौक तक के व्यस्ततम बाजार क्षेत्र में महिलाओं के लिए कहीं भी सुचारू शौचालय की व्यवस्था नहीं है; हालांकि नटराज चौक पर एक शौचालय पर ‘महिला शौचालय’ अवश्य लिखा है, लेकिन धरातल पर वहां न तो दरवाजा है और न ही शौच की कोई उचित व्यवस्था, जिससे उसकी उपयोगिता शून्य बनी हुई है। महिलाओं को हो रही इस भारी असुविधा को देखते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी ने नगर पालिका अध्यक्ष से पुरजोर आग्रह किया है कि जोशीमठ में तत्काल आधुनिक तकनीक से लैस एक सर्वसुविधायुक्त महिला शौचालय (पिंक टॉयलेट) का निर्माण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चूंकि जोशीमठ चारों धामों की यात्रा का मुख्य पड़ाव है, इसलिए यहां एक बेहतर शौचालय बनने से न केवल स्थानीय महिला व्यवसायियों को सम्मानजनक व सुरक्षित माहौल मिलेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाली हजारों महिला पर्यटकों को भी इस बुनियादी सुविधा का लाभ मिल सकेगा।