ज्योतिर्मठ।
सीमांत तीर्थ नगरी ज्योतिर्मठ पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के समस्त समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त राज्यमंत्रियों का ढोल-दमाऊ की पारंपरिक थाप और भव्य माल्यार्पण के साथ जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगर पालिका सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने नव-मनोनित दायित्वधारियों का अभूतपूर्व स्वागत कर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस गरिमामयी सम्मान समारोह में चार धाम परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष माधव सेमवाल, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला तिवाड़ी और जनजाति आयोग की सदस्य श्रीमती नंदी राणा का कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और गर्मजोशी के साथ सत्कार किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा सभागार भारत माता की जय और संगठन के समर्थन में गूंजते गगनभेदी नारों से सराबोर रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं और उपस्थित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त दायित्वधारियों को उनके उज्ज्वल कार्यकाल की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि इन अनुभवी नेताओं के नए नेतृत्व और दीर्घकालिक सांगठनिक अनुभव से न केवल सीमांत क्षेत्र की विभिन्न जन-समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी, बल्कि समग्र उत्तराखंड में विकास के एक नए स्वर्णिम अध्याय की शुरुआत होगी।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त राज्यमंत्रियों ने केंद्रीय एवं प्रदेश शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरेंगे। उन्होंने सीमांत क्षेत्र के विकास और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
