Home उत्तराखण्ड डीएम की जनहित के कार्यों को मिल रहा जनसमर्थन

डीएम की जनहित के कार्यों को मिल रहा जनसमर्थन

by zerogroundnews

डीएम द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की सोशल मीडिया यूजर्स खुलकर कर रहे  सराहना

देहरादून । जिले में जनहित को प्राथमिकता देने वाली प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल इन दिनों चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में बड़ी संख्या में प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जहां आम नागरिक उनके कार्यों की खुलकर सराहना कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। जब भी आमजन की उम्मीदें कमजोर पड़ती हैं, प्रशासन की ओर से त्वरित और सकारात्मक पहल देखने को मिलती है। यही वजह है कि डीएम सविन बंसल की कार्यशैली को लोग भरोसे और उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोगों ने जिलाधिकारी द्वारा किए गए जनहित कार्यों का उल्लेख करते हुए लिखा है कि उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। खासतौर पर बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने, गरीब और जरूरतमंद बच्चों की मदद, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत तथा प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर किए गए प्रयासों की व्यापक सराहना हो रही है।

कई यूजर्स का कहना है कि प्रशासनिक सख्ती, ईमानदारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई के चलते जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। विश्लेषकों के अनुसार सोशल मीडिया पर मिल रहा यह जनसमर्थन प्रशासन और आम जनता के बीच मजबूत होते भरोसे का संकेत है, जो जिले के समग्र विकास के लिए सकारात्मक माना जा रहा है।