Home उत्तराखण्ड पेपर लीक व बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ जोशीमठ में गरजी कांग्रेस,

पेपर लीक व बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ जोशीमठ में गरजी कांग्रेस,

सरकार का पुतला फूंका

by zerogroundnews

​जोशीमठ।

प्रदेश में चरमरा चुकी शिक्षा व्यवस्था, लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं के निरस्तीकरण और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ आज जोशीमठ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जोशीमठ नगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने नटराज चौक पर एकत्र होकर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में कांग्रेस के नगर और ब्लॉक अध्यक्षों सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
​मानसिक तनाव और असुरक्षा के दौर से गुजर रहा युवा
​प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा आज गहरे संकट के दौर से गुजर रहा है। वर्षों की कड़ी मेहनत और सुनहरे सपनों के सहारे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने, परीक्षाएं रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब के कारण अत्यधिक मानसिक तनाव, असुरक्षा और निराशा का सामना कर रहे हैं। नकल माफिया और सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते युवाओं का सरकारी नौकरियों और पूरी परीक्षा प्रणाली से विश्वास पूरी तरह उठता जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भी लगातार सामने आए भर्ती घोटालों और पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। आज स्थिति यह हो गई है कि मेहनत करने वाले प्रतिभावान युवाओं को अपनी योग्यता साबित करने के बजाय सिस्टम की विफलताओं से लड़ना पड़ रहा है।
​छात्रा की आत्महत्या बेहद दुखद, व्यवस्था पर उठाए सवाल
​इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने देहरादून की होनहार छात्रा रिया कुमारी थापा की दुखद आत्महत्या का विशेष उल्लेख करते हुए इसे पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना बताया। उन्होंने कहा कि नीट (NEET) परीक्षा देने के बाद पेपर लीक से उपजे असमंजस और भारी मानसिक तनाव के कारण रिया को यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा, जो इस संवेदनहीन व्यवस्था का जीता-जागता आईना है। कांग्रेस का मानना है कि यह केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ सरासर अन्याय है। जब बार-बार परीक्षाएं रद्द होती हैं और नकल माफिया बेखौफ सक्रिय रहते हैं, तो सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता खत्म हो जाती है और युवाओं का मनोबल टूट जाता है।
​धामी सरकार में एक भी परीक्षा निष्पक्ष नहीं: कांग्रेस
​सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कांग्रेस नेताओं ने तंज कसा कि प्रदेश की भाजपा सरकार एक तरफ सख्त नकल विरोधी कानून का ढिंढोरा पीटती है, तो दूसरी तरफ पटवारी परीक्षा का पेपर भी लीक हो जाता है। वर्ष 2017 से अब तक धामी सरकार ऐसी एक भी परीक्षा नहीं करा पाई है जो पूरी तरह निष्पक्ष और लीक-मुक्त रही हो। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक का मास्टरमाइंड हाकम सिंह सरकार की कमजोर पैरवी की वजह से ही आज बेल पर रिहा हो गया है, जिससे यह साफ स्पष्ट होता है कि सरकार असली गुनहगारों को बचाना चाहती है।
​कांग्रेस ने उठाई ये प्रमुख मांगें:
​पेपर लीक और भर्ती घोटालों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
​नकल माफिया के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रदेश स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाए।
​संपूर्ण परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाया जाए।
​जितनी भी लंबित भर्ती प्रक्रियाएं हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से तुरंत पूरा किया जाए।
​लगातार असफलताओं और अनिश्चितता से जूझ रहे छात्रों व प्रतियोगी परीक्षार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य व परामर्श (काउंसलिंग) के लिए सरकार विशेष व्यवस्था करे।
​कांग्रेस पार्टी ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि वे युवाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली किसी भी संवेदनहीन व्यवस्था के खिलाफ अपना यह जन-संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।
​प्रदर्शन में ये रहे मौजूद:
​इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य रूप से:
​प्रकाश नेगी (अध्यक्ष, नगर कांग्रेस कमेटी)
​दिगंबर सिंह फर्स्वाण (अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी)
​अनूप नेगी (ब्लॉक प्रमुख, जोशीमठ)
​लक्ष्मण बिष्ट
​नरेंद्र रावत
​सतीश डिमरी
​रिसभ सचिन
​विपुल कैरणी
​अन्ति शाह
​नीलम परमार
​ललिता मंडियाल सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे।