देहरादून। राजधानी स्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रविवार को राजनीतिक हलचल तेज रही। प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कांग्रेस और अन्य दलों को छोड़कर आए कई प्रभावशाली जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार, जिलाध्यक्ष श्री गजपाल वर्तवाल, कर्णप्रयाग विधायक श्री अनिल नौटियाल, थराली विधायक श्री भूपाल राम टम्टा और श्री हरक सिंह नेगी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में देवाल के ब्लॉक प्रमुख श्री तेजपाल सिंह रावत, महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव श्रीमती रेनू नेगी (सोनला), और जिला पंचायत सदस्य (सवाड) श्री बलबीर राम जी शामिल हैं। इनके साथ ही पूर्व सैन्य अधिकारियों और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों ने भी भाजपा पर विश्वास जताया, जिनमें कैप्टन सुरेन्द्र सिंह जी (ग्राम प्रधान, सारेंगवाड), कैप्टन विक्रम सिंह जी (बोखनारा), सूबेदार बलवन्त सिंह (कुनेली) और नगर पालिका कर्णप्रयाग के सभासद श्री सम्पूर्णानन्द डिमरी प्रमुख हैं। चमोली टैक्सी यूनियन ने भी भाजपा को मजबूती दी, जहाँ यूनियन के अध्यक्ष श्री राकेश फरस्वाण, कोषाध्यक्ष श्री भरत सिंह जी और सचिव श्री सतेन्द्र रावत जी ने आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
