ज्योर्तिमठ/उखीमठ।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए शनिवार को तीर्थस्थलों और विश्राम गृहों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपाध्यक्ष द्वारा प्रत्येक शनिवार को अनिवार्य रूप से सफाई कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देशों के क्रम में श्री नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ के साथ-साथ नवदुर्गा मंदिर, श्री वासुदेव मंदिर, श्री अष्टभुजा गणेश मंदिर, श्री गरुड़ मंदिर और भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने पूरे उत्साह के साथ श्रमदान किया। इस अभियान के तहत मंदिर परिसर, कार्यालय, भंडार कक्ष और यात्री विश्राम गृहों की गहन सफाई की गई। उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने तैनाती स्थलों पर इस अभियान में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग सुनिश्चित करें ताकि देवस्थानों की मर्यादा और स्वच्छता बनी रहे।
इस पुनीत कार्य में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी विजेंद्र बिष्ट और प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही, श्री नृसिंह मंदिर प्रभारी संदीप कपरवाण, केदार सिंह रावत, तोशाखाना प्रभारी संजय तिवारी, अजय सती, प्रदीप बिष्ट और अमित डिमरी ने ज्योतिर्मठ में मोर्चा संभाला। वहीं, श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में मंदिर प्रभारी किशन त्रिवेदी, भंडार प्रभारी देवीप्रसाद तिवारी और अवर सहायक दीपक पंवार सहित समस्त अधीनस्थ कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों ने सफाई अभियान को सफल बनाया।
