Home धर्म बद्रीनाथ धाम पहुंचे बाबा धीरेंद्र शास्त्री:

बद्रीनाथ धाम पहुंचे बाबा धीरेंद्र शास्त्री:

22 दिनों तक करेंगे विशेष साधना और विश्व कल्याण के लिए जप**

by zerogroundnews

ज्योतिर्मठ।

विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार को बद्री विशाल की शरण में पहुंचे। एक विशेष हेलीकॉप्टर से बद्रीनाथ स्थित हेलीपैड पर उतरते ही उनके प्रशंसकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने उनका भव्य स्वागत किया। ‘जय बद्री विशाल’ और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र शास्त्री आगामी 21 से 22 दिनों तक बद्रीनाथ धाम प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे ऋषि गंगा के तट पर नवनिर्मित ध्यान केंद्रों में गहन योग और विशेष साधना करेंगे। उनका यह प्रवास केवल निजी साधना तक सीमित नहीं रहेगा; वे यहां कथा और प्रवचन के माध्यम से विश्व कल्याण, मानवता की सेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का संदेश भी देंगे।

धीरेंद्र शास्त्री के आगमन पर हनुमान मंदिर’खाक चौक’ के बाबा योगेश्वरदास महाराज और चारों धाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी अगवानी की। राजेश मेहता ने बताया कि बाबा का बद्रीनाथ आगमन क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, बाबा बागेश्वर आने वाले दिनों में ऋषि गंगा के शांत वातावरण में ध्यान योग के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा संचय करेंगे।

बाबा बागेश्वर की लोकप्रियता और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और उनके ठहरने के स्थान के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ज्ञात हो कि धीरेंद्र शास्त्री हर वर्ष भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं और भगवान की विशेष पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।