नितिन सेमवाल
मानसून की बारिश के बाद उच्च हिमालय क्षेत्र एक बार फिर रंगों से भर गया है। उत्तराखंड का राज्य पुष्प ब्रह्म कमल हेमकुंड साहिब और विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी में खिल गया है, जो इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
वन विभाग के अनुसार जुलाई के दूसरे-तीसरे सप्ताह में ही हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में ब्रह्म कमल दिखाई देने लगा था। हेमकुंड साहिब के पैदल ट्रैक सहित 15,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में यह दुर्लभ पुष्प खिल चुका है। चारों ओर हरियाली के बीच सफेद ब्रह्म कमल दूर से ही श्रद्धालुओं और सैलानियों को अपनी ओर खींच रहा है।
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के उप वन संरक्षक अभिमन्यु ने बताया कि “यह बड़े हर्ष की बात है कि अगस्त में फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब ट्रैक पर ब्रह्म कमल खिलता हुआ दिखाई दे रहा है। यह पुष्प अत्यंत दुर्लभ है। पर्यटकों से अपील है कि वे इसे नुकसान न पहुंचाएं और आसपास गंदगी न करें। जो भी इन पुष्पों को तोड़ता या नुकसान पहुंचाता पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई के नियम हैं।”
स्थानीय गाइड और पर्यटन प्रेमी संजय कुंवर का कहना है कि इन दिनों फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब में हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ब्रह्म कमल को देखकर पर्यटक बेहद उत्साहित हैं और इसे अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
