जोशीमठ।
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हेलंग के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे अलकनंदा नदी की गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि ट्रक ऋषिकेश से आ रहा था, तभी हेलंग के पास चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे नदी की ओर चला गया।
चट्टान पर अटका मिला शव
घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और चालक का शव खाई में एक दुर्गम चट्टान पर जाकर अटक गया था।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ (SDRF) और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। उफनती अलकनंदा नदी और संकरी खाई के बीच बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
जोशीमठ के कोतवाल डी.एस. रावत ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर त्वरित गति से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़े विपरित हालातों के बीच रेस्क्यू टीमों ने चट्टान पर लटके चालक के शव को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की औपचारिकताएं पूरी कीं और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है।
