प्रशांत ने 86.4% अंकों के साथ स्कूल में किया टॉप, ध्रुव और हर्षित ने भी लहराया परचम
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में केंद्रीय विद्यालय ज्योतिर्मठ ने एक बार फिर सफलता का इतिहास दोहराया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत (100%) रहा, जिससे छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। पिछली बार की तरह इस वर्ष भी विद्यालय के सभी छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जो विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाता है।
परिणामों के अनुसार, प्रशांत ने 86.4% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, ध्रुव सिंह 82% अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। विद्यालय के गौरव को बढ़ाते हुए हर्षित भट्ट और तनिष्क पंवार ने 78% समान अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार पाठक ने शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अध्यापकों के उचित दिशा-निर्देश और बच्चों की दिन-रात की मेहनत ने इस शत-प्रतिशत परिणाम को संभव बनाया है। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भविष्य में और भी अधिक मेहनत करें और देश व समाज का नाम रोशन करें। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने भी खुशी जताई है।
