Home उत्तराखण्ड अनूप सिंह नेगी निर्विरोध चुने गए चमोली ब्लॉक प्रमुख संगठन के जिलाध्यक्ष

अनूप सिंह नेगी निर्विरोध चुने गए चमोली ब्लॉक प्रमुख संगठन के जिलाध्यक्ष

क्षेत्रवासियों ने दी ब्लॉक प्रमुख को बधाई

by zerogroundnews

​कर्णप्रयाग (चमोली)।
जनपद चमोली के विकास और पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज कर्णप्रयाग ब्लॉक मुख्यालय में जनपद के सभी ब्लॉक प्रमुखों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति और लोकतांत्रिक एकजुटता का परिचय देते हुए ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी को निर्विरोध जनपद ब्लॉक प्रमुख संगठन का जिलाध्यक्ष चुना गया।

​बैठक के दौरान सभी विकास खंडों के प्रमुखों ने एक स्वर में ज्योर्तिमठ विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी के नेतृत्व पर भरोसा जताया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनूप सिंह नेगी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले के सभी विकास खंडों की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से रखना और ग्रामीण विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारना होगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन एकजुट होकर ब्लॉक प्रमुखों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ेगा।
​निर्वाचन प्रक्रिया के उपरांत बैठक में विभिन्न समसामयिक और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रमुखों ने आपदा प्रबंधन, ग्रामीण सड़कों की स्थिति, पलायन रोकने के उपायों और मनरेगा व अन्य योजनाओं के बजट आवंटन को लेकर अपने-अपने विचार साझा किए। सभी ने इस बात पर जोर दिया कि ब्लॉक स्तर पर विकास कार्यों में आने वाली प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।