पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, तपोवन में वार्षिक उत्सव एवं पूर्व छात्र मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं सहित पुरातन छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं व विकास कार्यों के लिए अपनी निधि से 2 लाख 50 हजार रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने क्षेत्रीय विधायक लखपत बुटोला की ओर से भी आवश्यक सहयोग राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका परिषद ज्योतिर्मठ की अध्यक्ष श्रीमती देवेश्वरी शाह, कर्मकार बोर्ड के सदस्य कृष्णमणि थपलियाल और एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों (एजीएम सुजाता दास गुप्ता, डीजीएम इंदु बालकृष्णा व डीजीएम देवेंद्र सिंह गर्ब्याल) ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि तपोवन जैसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की लौ जलाना और पूर्व छात्रों का अपनी जड़ों से जुड़ना गौरव की बात है। स्थानीय ग्राम प्रधान व कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती पूनम पंत और पीटीए अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद डोभाल की देखरेख में आयोजित इस भव्य समारोह में क्षेत्र के विभिन्न ग्राम प्रधानों सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य सुलभ शाह, आयुर्वेदिक चिकित्सालय के डॉ. कैलाश, रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश डोभाल और विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष कुसुमलता थपलियाल ने भी विचार व्यक्त किए। मंच का सफल संचालन राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह झिंक्वाण द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक अशोक डोभाल, श्रीमती अनीता रावत सहित समस्त शिक्षक-कर्मचारियों, अभिभावकों और स्थानीय जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए, जिसकी सभी आगंतुकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
