Home » Blog » वाहन ने गुजरात की तीन बुजुर्ग महिलाओं को मारी टक्कर

वाहन ने गुजरात की तीन बुजुर्ग महिलाओं को मारी टक्कर

गोविंद घाट के पास हुआ बड़ा हादसा तीनों घायल

by zerogroundnews

बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें गुजरात से आई तीन बुजुर्ग महिला श्रद्धालु एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ये महिलाएं गोविंदघाट क्षेत्र में आयोजित मोरारी बापू की रामकथा में सम्मिलित होने आई थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच बद्रीनाथ हाईवे पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहन ने पैदल चल रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में श्रीमती कृष्णा (58 वर्ष) श्रीमती चंद्रिका बहन (70 वर्ष) और श्रीमती शोभना (65 वर्ष)गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल गोविंदघाट गुरुद्वारा की एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसके जरिए तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जोशीमठ पहुँचाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर थापा ने बताया कि अस्पताल पहुँचने पर तीनों महिलाओं का तत्काल उपचार शुरू किया गया। उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल प्रशासन द्वारा प्राथमिक उपचार और मरहम-पट्टी के बाद, घायलों की स्थिति को देखते हुए उनके परिजन उन्हें अग्रिम देखभाल के लिए अपने साथ ले गए हैं।
हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर यात्रा मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित गति और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना कारित करने वाले वाहन की पहचान की जा रही है।