**ज्योतिर्म
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ में अभिभावक-शिक्षक संघ (पी.टी.ए.) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय के विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। निवर्तमान अध्यक्ष श्री कलम सिंह राणा की अध्यक्षता और महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता **उमेश राणा** को निर्विरोध संघ का नया **अध्यक्ष** चुना गया है।
बैठक का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने शिक्षकों और अभिभावकों के बीच समन्वय को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का जुड़ाव ही संस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष कलम सिंह राणा ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियां साझा कीं। नई कार्यकारिणी में **मीना देवी** को उपाध्यक्ष, **डॉ. नंदन सिंह रावत** को सचिव और **प्रकाश सिंह रावत** को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यकारिणी के विस्तार में सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश डोभाल और निवर्तमान अध्यक्ष कलम सिंह राणा को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया। साथ ही सुरेंद्र सिंह, हेमा देवी, कमला देवी, अब्बल सिंह, सुरेंद्र सिंह चौहान और जयंती देवी को सदस्य मनोनीत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पी.टी.ए. प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. चरणसिंह केदारखंडी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
