नीति घाटी में बर्फीले तूफान ने मचाई तबाही, घरों की छतें उड़ीं

by zerogroundnews

चमोली। जनपद में जारी भारी बर्फबारी अब स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत का सबब बनने लगी है, जहाँ सीमांत नीति घाटी में आए भीषण बर्फीले तूफान ने भारी तबाही मचाई है। घाटी के कोषा गांव में तेज बर्फीली हवाओं और चक्रवाती तूफान के चलते कई घरों की छतें उड़ गई हैं, जिससे कड़ाके की ठंड के बीच ग्रामीणों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासी दीपक राणा ने बताया कि तूफान इतना शक्तिशाली था कि पल भर में घरों के ऊपरी हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, जिसकी सूचना तुरंत शासन-प्रशासन को दे दी गई है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही ऊँचाई वाले क्षेत्रों में भारी बारिश, बर्फबारी और बर्फीले तूफान की चेतावनी (Alert) जारी की थी, जो अब धरातल पर कहर बनकर टूट रही है। प्रशासन से जल्द राहत की गुहार लगाई जा रही है क्योंकि प्रतिकूल मौसम के बीच प्रभावित परिवारों की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं।