Home » Blog » गोपेश्वर पुलिस लाइन में बुराई पर अच्छाई की जीत:

गोपेश्वर पुलिस लाइन में बुराई पर अच्छाई की जीत:

हर्षोल्लास के साथ हुआ भव्य होलिका दहन

by zerogroundnews

गोपेश्वर।
जनपद चमोली की पुलिस लाइन में सोमवार, 02 मार्च 2026 को होलिका दहन का पर्व पारंपरिक श्रद्धा और अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया गया। “बुराई पर अच्छाई की जीत” के प्रतीक इस पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पुलिस लाइन के मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ पूजन के उपरांत एसपी ने होलिका प्रज्ज्वलित की। अग्नि प्रज्ज्वलित होते ही पूरा परिसर “होली है” के जयघोष और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर की नकारात्मकता, द्वेष और कटुता को त्याग कर सकारात्मकता और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था; रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे मैदान में उमंग बिखेरी। होलिका दहन के बाद ढोल-दमाऊ की थाप पर पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों ने जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा परिसर पारिवारिक एकता और आपसी सौहार्द का जीवंत उदाहरण बन गया। इस गरिमामय अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह रावत सहित यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना और दिगंबर उनियाल जैसे वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।