देहरादून । भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा जारी States’ Startup Ecosystem Ranking के पांचवें संस्करण में उत्तराखण्ड को मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने वाले राज्यों की श्रेणी में ‘लीडर’ के रूप में मान्यता प्रदान की गई है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार के उद्योग विभाग को Certificate of Appreciation प्रदान किया गया। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि राज्य ने प्रभावी स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार, उद्यमिता, निवेश प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार उत्तराखण्ड का स्टार्टअप मॉडल अब अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण के रूप में उभर रहा है, जहां नीति समर्थन, सरल प्रक्रियाएं और संस्थागत सहयोग मिलकर उद्यमिता को गति दे रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल नीतियां, सरलीकृत प्रक्रियाएं और सशक्त इकोसिस्टम विकसित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं में नवाचार की अपार क्षमता है और सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह उपलब्धि प्रदेशवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के उद्यमियों, स्टार्टअप्स और सरकारी अधिकारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
