Home » Blog » 23 मई को खुलेंगे पवित्र श्री हेमकुंट साहिब के कपाट

23 मई को खुलेंगे पवित्र श्री हेमकुंट साहिब के कपाट

हेमकुंड साहिब प्रबंधन ने किया आध्यात्मिक यात्रा का शंखनाद:

by zerogroundnews

ज्योतिर्मठ।

विश्व प्रसिद्ध और सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल गुरुद्वारा श्री होमकुंड साहिब की यात्रा की तिथि घोषित कर दी गई है। इस वर्ष श्रद्धा और भक्ति का यह पावन मार्ग शनिवार, 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। यह निर्णय गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट और उत्तराखंड शासन के बीच हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया गया है।

सरकार और ट्रस्ट के बीच बनी सहमति

गुरुद्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन से मुलाकात कर आगामी यात्रा सीजन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की। वर्तमान मौसम की स्थिति और जमीनी हकीकत का आकलन करने के बाद, दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से 23 मई की तिथि निर्धारित की। मुख्य सचिव ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार चारधाम और श्री हेमकुंट साहिब आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कम बर्फबारी के चलते जल्दी शुरू होगी यात्रा
इस वर्ष हिमालयी क्षेत्रों में पिछले वर्षों की तुलना में कम बर्फबारी दर्ज की गई है। अनुकूल जलवायु परिस्थितियों को देखते हुए ट्रस्ट ने यात्रा को पिछले सालों के मुकाबले थोड़ा पहले शुरू करने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि इस वर्ष चारधाम के कपाट भी अप्रैल माह में ही खुल रहे हैं। हालांकि, ट्रस्ट ने यह भी सचेत किया है कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम अप्रत्याशित रहता है, इसलिए सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।