Home » Blog » चमोली के देवाल में सनसनी:

चमोली के देवाल में सनसनी:

पत्नी-बच्चे पर किया जानलेवा हमला, फिर खुद लगाई फांसी

by zerogroundnews

​थराली/देवाल। विकासखंड देवाल के ओडर गांव में शुक्रवार की शाम एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। यहाँ एक व्यक्ति ने अपने ही परिवार पर कुल्हाड़ी (थमाली) से हमला कर पत्नी और मासूम बेटे को लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया, जहाँ शनिवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडर निवासी गजेंद्र सिंह गड़िया (40 वर्ष) पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। शुक्रवार देर शाम अचानक उसने उग्र होकर अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी (37 वर्ष) और 7 वर्षीय पुत्र मयंक पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से मां-बेटे को गजेंद्र के चंगुल से छुड़ाया। आनन-फानन में आपातकालीन सेवा 108 के जरिए दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के बाद गजेंद्र हाथ में खून से सना हथियार लेकर काफी देर तक गांव की गलियों में घूमता रहा, जिससे ग्रामीण घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। देर रात वह चिल्लाता हुआ पास के जंगल की ओर निकल गया। सुबह जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। गांव से करीब 500 मीटर दूर जंगल में एक पेड़ पर गजेंद्र का शव फंदे से लटका पाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थराली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, ग्राम प्रधान प्रेमा देवी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।