Home » Blog » चार धाम में मंदिर परिसरों में मोबाइल-कैमरे पर रहेगा प्रतिबंधित

चार धाम में मंदिर परिसरों में मोबाइल-कैमरे पर रहेगा प्रतिबंधित

by zerogroundnews

देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने ऋषिकेश में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक कर चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं को अधिक सुरक्षित, सुगम और अनुशासित बनाने पर विशेष जोर दिया।

इस वर्ष यात्रा को सुव्यवस्थित करने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए चारों धामों के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन और कैमरे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। आयुक्त ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को श्रद्धालुओं के लिए पृथक व सुरक्षित मोबाइल-कैमरा जमा केंद्र विकसित करने के निर्देश दिए।

गढ़वाल आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों के टेंडर एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर कार्य ‘फास्ट ट्रैक मोड’ पर शुरू किए जाएं।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), लोक निर्माण विभाग (PWD) और सीमा सड़क संगठन (BRO) को एक माह के भीतर सड़कों से मलबा हटाकर मार्ग सुचारु करने के निर्देश भी दिए।

अप्रैल में संभावित चारधाम यात्रा को देखते हुए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, पार्किंग व्यवस्था और आपदा प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।