देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरबंस कपूर मेमोरियल सामुदायिक भवन, गढ़ीकैंट देहरादून में स्वर्गीय श्री हरबंस कपूर की 80वीं जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. हरबंस कपूर हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत थे और उनकी कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों को निरंतर मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर ने अपने जीवन में सदैव समाज और जनता के हितों को सर्वोपरि रखा। उनका संपूर्ण जीवन जनसेवा और विकास को समर्पित रहा, जिसे प्रदेश हमेशा स्मरण रखेगा।
मुख्यमंत्री ने स्व. हरबंस कपूर के साथ बिताए पलों को साझा करते हुए कहा कि वे सादगी, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के प्रतीक थे। उन्होंने प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया और राज्य के विकास से जुड़े हर विषय पर दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े।
कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने स्व. हरबंस कपूर को नमन करते हुए कहा कि वे एक आदर्श जननेता थे, जिन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण जनसेवा को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि स्व. कपूर उनके राजनीतिक गुरु थे और उनके मार्गदर्शन का उनके जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हरबंस कपूर का राज्य के विकास में योगदान सदैव अनुकरणीय रहेगा।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, दायित्वधारी श्री श्याम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
