Home » Blog » होमगार्ड वर्दी खरीद घोटाला

होमगार्ड वर्दी खरीद घोटाला

निदेशक होमगार्ड निलंबित, संयुक्त जांच समिति गठित

by zerogroundnews

देहरादून । उत्तराखंड में होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े कथित घोटाले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रकरण में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए की गई वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताएं की गईं और निर्धारित नियमों का उल्लंघन हुआ।

महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि की गई है। इसी रिपोर्ट की संस्तुति पर मुख्यमंत्री ने डिप्टी कमांडेंट को निलंबित करने और संयुक्त जांच समिति गठित करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।