Home » Blog » फर्जी चिकित्सक गिरफ्तार, अवैध अल्ट्रासाउंड का भंडाफोड़

फर्जी चिकित्सक गिरफ्तार, अवैध अल्ट्रासाउंड का भंडाफोड़

by zerogroundnews

पुलिस ने आरोपी से एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, संदिग्ध दवाइयां और अन्य चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए गए हैं।

रुद्रप्रयाग। जनपद के नागरासू क्षेत्र में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड जांच किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्वयं को चिकित्सक बताने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गर्भवती महिलाओं की चोरी-छिपे अल्ट्रासाउंड जांच करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, संदिग्ध दवाइयां और अन्य चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी होटल और अस्थायी ठिकानों पर रुककर यह अवैध गतिविधि संचालित कर रहा था।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 69 वर्षीय उदय सिंह, निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह स्वयं को बीएएमएस चिकित्सक बताता था, लेकिन उसके पास अल्ट्रासाउंड संचालन से संबंधित कोई वैध अनुमति या पंजीकरण नहीं पाया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच समिति गठित कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।