चमोली। पीपलकोटी नगर क्षेत्र में सोमवार को स्कूली छात्रों पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल से घर लौट रहे दो छात्रों पर कुछ युवकों ने सरिया से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज पीपलकोटी के छात्र कृष (पुत्र मातवर सिंह, सुरेन्डा) और साहिल (पुत्र विनोद सिंह, मठ) सोमवार शाम गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीपलकोटी ग्रेफ कैंप के पास घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने दोनों पर सरिया से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में कृष के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि साहिल के सिर पर भी गहरी चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में कृष के सिर पर 14 टांके लगाए गए, जबकि साहिल को भी गंभीर चोटों के कारण उपचार दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों छात्रों को घर भेज दिया गया है।
मामले में कृष की बड़ी बहन और साहिल की मां रूक्मणी देवी ने तीन युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर पीपलकोटी पुलिस को सौंपते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीपलकोटी रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी पूनम खत्री ने बताया कि पीड़ित छात्रों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच की जा रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कितनी जल्दी कार्रवाई करती है।
घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है और लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
