Home » Blog » खैनुरी के जंगलों में मिला नवजात का शव

खैनुरी के जंगलों में मिला नवजात का शव

चमोली पुलिस ने शुरू की गहन जांच; DNA सैंपल रखे जाएंगे सुरक्षित

by zerogroundnews

चमोली/गोपेश्वर। जनपद के खैनुरी गांव से सटे बराली स्थान के जंगल क्षेत्र में एक अज्ञात नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। 31 जनवरी को बाल कल्याण समिति गोपेश्वर द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुँचीं। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्यों के साथ जांच को आगे बढ़ा रही है।

जंगली जानवर ने पहुंचाया नुकसान, 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा शव

घटनास्थल पर पहुँची फील्ड यूनिट और एसओजी की टीम ने साक्ष्य संकलन की कार्यवाही पूरी की। ग्रामीणों के अनुसार, जंगल में घास काटने और पशु चराने गए लोगों ने सबसे पहले शव को देखा था। प्राथमिक निरीक्षण में यह पाया गया कि नवजात के शरीर के कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुँचाया है। मौके पर मौजूद आशा कार्यकर्ता ने बताया कि शिशु पूर्ण विकसित था और उसकी गर्भावधि लगभग 7-8 माह की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया है, जहाँ इसे शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा।

वैज्ञानिक साक्ष्यों और स्थानीय नेटवर्क से होगी जांच

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। भविष्य की जांच के लिए नवजात का DNA सैंपल भी सुरक्षित रखा जाएगा। मामले के अनावरण के लिए पुलिस टीमें सरकारी और गैर-सरकारी अस्पतालों सहित आशा कार्यकर्ताओं से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं का डेटा जुटा रही हैं।

पुलिस की अपील: पहचान रहेगी गुप्त

पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि यदि इस घटना के संबंध में किसी के पास कोई भी ठोस जानकारी हो, तो वह पुलिस के आधिकारिक मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकता है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।