पोस्ट ऑफिस में ढाई लाख के गबन का मामला सामने आया है, मामले का खुलासा होने के बाद से पोस्ट ऑफिस में तैनात पोस्ट मास्टर भी फरार बताया जा रहा है। पोस्ट मास्टर हरियाणा निवासी बताया जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस और डाक अधीक्षक को दी गई है।
रुद्रप्रयाग। गुप्तकाशी स्थित पोस्ट ऑफिस ल्वारा में करीब ढाई लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि पोस्ट मास्टर उपभोक्ताओं से नकद धनराशि लेकर पासबुक में फर्जी प्रिंट देता रहा और अब डाकघर छोड़कर नदारद हो गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी द्वारा ली गई कुछ धनराशि उसके परिजनों ने प्रभावित उपभोक्ताओं को लौटा दी है, लेकिन आशंका है कि अब भी कई खाताधारकों को इस धोखाधड़ी की जानकारी नहीं हो पाई है।
पीड़ित उपभोक्ता प्रमोद सेमवाल ने बताया कि गत वर्ष ल्वारा पोस्ट ऑफिस में हरियाणा निवासी अभिषेक नामक व्यक्ति की नियुक्ति हुई थी। वह उपभोक्ताओं से नकद धन लेकर पासबुक जमा करवा लेता और सर्वर न चलने का बहाना बनाकर फर्जी एंट्री कर देता था।
कुछ दिन पूर्व जब उनके खाते से 40 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली, तब उन्होंने अन्य उपभोक्ताओं के साथ डाकघर पहुंचकर विरोध किया। मामले की शिकायत डाकघर अधीक्षक को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र के माध्यम से की गई, साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई।
स्थिति बिगड़ती देख आरोपी के परिजनों ने कुछ उपभोक्ताओं को धनराशि वापस कर दी। इस मामले में थानाध्यक्ष गुप्तकाशी रंजीत खनेड़ा ने बताया कि पक्षों के बीच समझौता हो गया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने बाहरी राज्यों के युवाओं की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है।
