Home » Blog » बदली मौसम की करवट: बद्रीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी,

बदली मौसम की करवट: बद्रीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी,

धाम में सीजन की पहली बर्फबारी, कड़ाके की ठंड की चपेट में पहाड़

by zerogroundnews

चमोली। लंबे इंतजार के बाद देवभूमि के मौसम ने आखिरकार अपना मिजाज बदल लिया है। चमोली जिले में स्थित भू-वैकुंठ बद्रीनाथ धाम में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे पूरी घाटी ने सफेद चादर ओढ़ ली है। अचानक आए इस बदलाव के कारण बद्रीनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले करीब तीन महीनों से सूखे जैसे हालात का सामना कर रहे पहाड़ों में इस बर्फबारी ने जहां स्थानीय लोगों और काश्तकारों के चेहरे पर खुशी ला दी है, वहीं तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

​मौसम विभाग का पूर्वानुमान एक बार फिर सटीक साबित हुआ है। विभाग ने 23 और 24 जनवरी को उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की थी। शुक्रवार सुबह से ही चमोली जिले के अधिकांश ऊंचाई वाले क्षेत्रों में घने बादल छाए रहे, जिसके बाद बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। निचले इलाकों में भी रुक-रुक कर हो रही बारिश ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

​लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सूखी ठंड का प्रकोप था, जिससे खेती और बागवानी पर संकट मंडरा रहा था। अब इस बर्फबारी से न केवल सेब के बगीचों को संजीवनी मिली है, बल्कि ग्लेशियरों के रिचार्ज होने की उम्मीद भी जग गई है। आने वाले 24 घंटों के लिए प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचने के पुख्ता इंतजाम करने की सलाह दी है।