कौन बनेगा महामंत्री, दिग्गजों में खींचतान शुरू

चमोली : जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष की ओर से 5 दिसम्बर तक जिला कार्यकारणी गठन की घोषणा के बाद पार्टी के महामंत्री बनने को लेकर खींचतान शुरू हो गयी है। इस पूरी खींचतान में युवा मोर्चा और महिला मोर्चे के पदाधिकारी भी जोर आजमाइश में जुटे हुए हैं। जिससे चमोली में ठंड के मौसम में भी राजनैतिक पारा चढ़ा हुआ है।
बता दे, भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर रमेश मैखुरी की ताजपोशी के बाद राजनैतिक जानकारों के अनुसार अब महामंत्री के दो पदों पर थराली और बद्रीनाथ विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ताजपोशी होनी है। इसके साथ ही जातीय समीकरण को साधने के लिये पदों पर ठाकुर की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। ऐसे में बद्रीनाथ विधानसभा से जोशीमठ के राकेश भंडारी, दशोली से वरिष्ठ नेता कुलदीप वर्मा, महिला मोर्चे की जिलाध्यक्ष रही चंद्रकला तिवारी, प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, नगराध्यक्ष विनोद कनवासी, भेषज संघ के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र असवाल के नाम चर्चाओं में हैं। जबकि थराली विधानसभा से सांसद प्रतिनिधि हीरा सिंह बिष्ट व अशोक सती, नारायणबगड़ से पूर्व महामंत्री पद के लिये बद्रीनाथ विधानसभा से जिला पंचायत सदस्य मनोज भंडारी व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष रहे देवेंद्र नेगी देवा, सिमली के जिला पंचायत सदस्य रहे देवेंद्र नेगी उर्फ मुन्ना भाई तथा पोखरी के ग्रामीण मंडल अध्यक्ष बीरेंद्रपाल भंडारी की दावेदारी बताई जा रही है। वंही प्रदेश अध्यक्ष के गृह जनपद में कार्यकारणी विस्तार को लेकर उनकी सहमति को भी जिम्मेदारी दिए जाने में अहम माना जा रहा है।