पुलिस अधीक्षक श्वेता चैबे ने पौड़ी में किया कार्यभार ग्रहण

पौड़ी: जिले में नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्वेता चैबे पौड़ी गढ़वाल ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। यहां पुलिस की ओर से पुलिस कार्यालय में गार्द सलामी दी गई। जिसके बाद उन्होंने यहां पुलिस अधिकारियों के साथ ही थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए थाना प्रभारियों को थाने पर आये फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपराध की रोकथाम, अनावरण, यातायात व शांति व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों का अपने अधीनस्थों के साथ टीम भावना के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने की बात कही। उन्होंने साइबर अपराधोें को लेकर लोगों को जागरुक करने के आदेश दिये। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम व निवारण के लिये नियमित समीक्षा करने, श्रमिकों, फड-फेरी वालों व बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को नशे की रोकथाम के लिये एनडीपीएस व आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई के साथ जागरुकता अभियान चलाने की भी बात कही। महिला अपराधों को लेकर थानों में गठित महिला हेल्प डेस्क के माध्यम से त्वरित कार्रवाई करने और जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। इस दौरान सभी पुलिस अधिकारी मौजूद थे।