पिंकी का हत्यारोपी गिरफ्तार

कर्णप्रयाग : देवाल ब्लाॅक मानमती गांव में एक वर्ष पूर्व हुई पिंकी की हत्या के आरोपी को पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्यारोपी की गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीण 20 दिनों से अधिक समय से आंदोलन कर रहे थे।
बता दें 13 अक्तूबर 2021 को पिंकी हत्याकांड राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र नलधूरा में गुलाब सिंह पुत्र जवाहर सिंह निवासी खैता मानमती तहसील थराली चमोली के खिलाफ पंजीकृत किया था। जिसके मामले की गंभीरता को देखते हुए 28 अक्तूबर को मामला नियमित पुलिस को सौंपा गया। घटना के बाद से ही अभियुक्त गुलाब सिंह फरार चल रहा था। पुलिस की ओर से मामले में न्यायालय से अभियुक्त के गिरफ्तारी के वारंट प्राप्त किए गए व कुर्की के नोटिस प्राप्त कर कुर्की की कार्यवाही की गयी। अभियुक्त को मफरुर घोषित किए जाने के बाद 2500 रुपए का ईनाम घोषित किया गया तथा ईनामी राशि बढ़ाकर 5000 रुपए करायी गयी। जिस पर पुलिस की ओर से सुरागरसी, पतारसी करते हुए एसओजी और सर्विलांस की मदद से एक वर्ष से फरार चल रहे अभियुक्त गुलाब सिंह को बुधवार देर शाम सिमली बैंड निकट वन विभाग बैरियर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।