ठंड बढ़ने के साथ निचले इलाकों में दिख रहे मोनाल

- निचले क्षेत्रों में आसानी से दिख रहे मोनाल, नंदा देवी पार्क के अधिकारी मोनाल की संख्या में वृद्धि को लेकर आशान्वित
चमोली: जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदलने के साथ ही शुरू हुई बर्फवारी वन्य जीव निचले क्षेत्रों का रुख करने लगे हैं। जिससे 6 से 14 हजार फिट की ऊंचाई पर रहने वाले राज्य पक्षी की मौजूदगी निचले क्षेत्रों में दर्ज की गयी है। ऐसे में निचले क्षेत्र में मोनाल के दिखाई देने को नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी संख्या में वृद्धि के शुभ संकेत मान रहे हैं।
बता दें, मोनाल मध्य हिमालय क्षेत्र में 6 से 14 हजार फीट की ऊंचाई पर पाये जाते हैं। 24 से 29 इंच की ऊंचाई वाले रंगबिरंगे मोनाल का राज्य गठन के बाद राज्य पक्षी का दर्जा दिया गया। राज्य में वर्ष 2008 में की गई मोनाल की गणना के अनुसार राज्य में 919 मोनाल मौजूद थे। लेकिन उसके बाद से वर्तमान तक मोनाल की गणना नहीं की गई है। जिसके चलते मोनाल के संरक्षण को लेकर पक्षी प्रेमियों में खासी चिंता है।
पक्षी प्रेमी अजय रतूड़ी का कहना है कि पूर्व में चमोली जिले में उच्च क्षेत्रों में मोनाल सामन्य रुप से दिखा देता था। लेकिन वर्तमान में मोनाल को देखने के लिये खासी मशक्कत करनी पड़ती है। ऐसे में इस वर्ष निचले क्षेत्रों में मोनाल की मौजूदगी संख्या में वृद्धि के संकेत दे रहे हैं।
नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क की वन क्षेत्रधिकारी चेतना कांडपाल का कहना है कि ठंड बढ़ने से साथ ही मोनाल की निचले क्षेत्रों में उपस्थिति दर्ज की गई है। सुगमता से दिख रहे मोनाल उनकी संख्या वृद्धि के संकेत दे रहे हैं।