भक्ति के रंग से सरोबार हुआ किलौंडी नारायण गांव

चमोली : जिले के किलौंडी नारायण गांव में 18 वर्षों के बाद आयोजित हो रही पांडव लीला का शुभारंभ हो गया है। जिसमे शामिल होने के लिये आसपास के ग्रामीणों के साथ ही बड़ी संख्या में प्रवासी ग्रामीण भी गांव पहुंच गये हैं। ऐसे में क्षेत्र भक्ति के रंग से सरोबार हो गया है।
पांडव लीला के आयोजन को लेकर पूजा-अर्चना के बाद विधि विधान से ग्रामीणों ने पांडवों के अस्त्र-शस्त्रों को मंदिर के गर्भगृह से निकाला गया। जिसके बाद युधिष्ठिर, अर्जुन, भीम, नकुल, सहदेव, कुंती, द्रोपदी और कृष्ण के अवतारी पुरुष ने अस्त्र-शस्त्रों के साथ ढोल दमाऊं की थाप पर नृत्य कर ग्रामीणों को आशीर्वाद दिया। पांडव नृत्य समिति अध्यक्ष नंदन सिंह ने बताया कि गांव में लंबे समय से पांडव लीला का आयोजन नहीं किया जा सका था। इस वर्ष ग्रामीणों की सहमति के बाद लीला का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।
लीला में युधिष्ठिर के पात्र शिशुपाल सिंह, भीम के कलम सिंह, अर्जुन के ईश्वर सिंह, नकुल के हरेंद्र सजवाण, सहदेव के वीरेंद्र सिंह नेगी, कृष्ण के राकेश सिंह, द्रोपदी शिव सिंह असवाल, हनुमान का कुंदन सिंह, नागार्जुन सुरजीत सिंह, बर्वरीक विक्रम सिंह, घटोत्कक्ष दीवान सिंह, माया फुलरी धन सिंह ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी।
इस दौरान आचार्य शिव प्रसाद खाली, ग्राम प्रधान दीपक असवाल, कुंवर सिंह सजवाण, डब्बल सिंह सजवाण, महिपाल सिंह, रणजीत सिंह नेगी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, खुशाल सिंह, संदीप असवाल और मंतोष सिंह आदि मौजद थे।