बद्रीनाथ/चमोली।
उत्तराखंड के चारों धामों में इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है, जहाँ देश-दुनिया से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुँच रहे हैं। तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ और चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान न केवल सुरक्षा, बल्कि मानवता की सेवा में भी मिसाल पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में, ITBP की 23वीं वाहिनी माणा चौकी द्वारा बद्रीनाथ धाम में एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जहाँ दुर्गम रास्तों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे यात्रियों को त्वरित राहत प्रदान की गई। कैंप के दौरान एसएमओ (SMO) डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने कुल 111 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। उपचार पाने वालों में 86 महिलाएं, 21 पुरुष और 4 बच्चे शामिल रहे, जिन्हें ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य दिक्कतों से राहत दिलाई गई। डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि ITBP सीमा सुरक्षा के साथ-साथ तीर्थयात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। धामों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बल द्वारा न केवल स्वास्थ्य सुविधाएँ दी जा रही हैं, बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन से लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि केदारनाथ और बद्रीनाथ आने वाले हर श्रद्धालु की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी रहे।
