by zerogroundnews

ज्योतिर्मठ । नगर पालिका परिषद ज्योतिर्मठ ने आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 में नगर को देशभर में प्रथम स्थान दिलाने के लक्ष्य के साथ व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी के कुशल नेतृत्व में संपूर्ण नगर क्षेत्र सहित विष्णुप्रयाग क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और जन-जागरूकता का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत नगर की दीवारों को आकर्षक पेंटिंग्स और कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। ये चित्र न केवल शहर की सुंदरता बढ़ा रहे हैं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी दे रहे हैं।

कला और संस्कृति का सुंदर संगम

दीवारों पर उकेरी गई कलाकृतियों में ‘हमारी संस्कृति–हमारी पहचान’ की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही है। स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं को स्वच्छता के संकल्प से जोड़ते हुए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (ठोस अपशिष्ट प्रबंधन) से जुड़े संदेश प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किए गए हैं। इनका उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और अपने शहर पर गर्व की भावना विकसित करना है।

नगरवासियों से सहयोग की अपील

नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। प्रशासन ने आग्रह किया है कि—

घरों से निकलने वाले कूड़े को गीला और सूखा अलग-अलग कर कूड़ा वाहनों को दें।

नगर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ा इधर-उधर न फेंकें।

स्वच्छता को एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली बनाएं।

इस पहल से ज्योर्तिमठ और विष्णुप्रयाग की सुंदरता में निरंतर वृद्धि हो रही है और पर्यटकों के बीच भी स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश जा रहा है। जनसहयोग इसी प्रकार बना रहा तो निश्चित रूप से ज्योर्तिमठ स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।